ऊना: गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को ऊना स्थित ऐतिहासिक किला बाबा साहिब सिंह बेदी में माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने ऊना के संस्थापक एवं गुरु नानक देव के वंशज बाबा सरबजोत सिंह बेदी से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऐतिहासिक किला बाबा साहिब सिंह बेदी पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बाबा बेदी के ऊना के विकास, जनकल्याण और गरीबों की सेवा में योगदान की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं पूरी मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश देती हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में आपसी सद्भाव और समरसता को मजबूत किया जा सकता है।

इस अवसर पर कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी मौजूद रहे। बाबा सरबजोत सिंह बेदी ने उपमुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इससे पहले गुरुद्वारे में श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए।

Tags: