हिमाचल के किसान ने 1.18 करोड़ से शुरू किया सुगंधित तेल का कारोबार, सरकार ने दिए 50 लाख
सवा करोड़ की लागत से तैयार हुई यूनिट, हिमाचल के प्राकृतिक संसाधनों को मिलेगी नई पहचान
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह उपमंडल निवासी राजेश गुलेरिया ने सुगंधित पौधों और प्राकृतिक संसाधनों से स्वरोजगार की नई राह तैयार की है। उन्होंने करीब 1.18 करोड़ रुपये की लागत से 'आरके एरोमैटिक्स' नाम से आवश्यक तेल निष्कर्षण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित की है।
इस परियोजना के लिए सरकार की ओर से करीब 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। उद्यान विभाग की एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत मशीनरी की लागत पर 50 प्रतिशत उपदान का प्रावधान है।
राजेश गुलेरिया ने वर्ष 2025-26 में पुष्प क्रांति योजना के तहत कुल्लू में पांच दिवसीय प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। इसमें उन्होंने सुगंधित पौधों से तेल निकालने, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की तकनीक सीखी।
इस इकाई में आधुनिक डिस्टिलेशन मशीनों के साथ गैस क्रोमैटोग्राफी आधारित गुणवत्ता जांच की सुविधा भी होगी। राजेश का लक्ष्य यहां तैयार आवश्यक तेलों को घरेलू बाजार के साथ विदेशों में भी पहुंचाना है।