हिमाचल में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन, 4 साल में 12,302 गिरफ्तार; 92 करोड़ की संपत्ति जब्त
हिमाचल में नशा तस्करों की संपत्तियों पर कार्रवाई, 225 कुख्यात तस्कर किए गए निरुद्ध
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पिछले चार वर्षों में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के अनुसार, इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 7,950 मामले दर्ज कर 12,302 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नशा तस्करी से अर्जित करीब 92 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवधि में 1,384 किलोग्राम चरस और 59 किलोग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत 225 कुख्यात तस्करों को निरुद्ध किया गया है, जिनमें 159 वर्ष 2026 में शामिल हैं।
नशे से जुड़ी गतिविधियों में शामिल 168 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 30 राज्य कर्मचारी और 21 पुलिसकर्मी बर्खास्त किए जा चुके हैं।
सरकार ने 246 नशा प्रभावित पंचायतों को विशेष निगरानी में रखा है। करीब 12 हजार लोगों की पहचान कर उन्हें उपचार और पुनर्वास से जोड़ने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नशा तस्करी की सूचना देने के लिए जल्द ही गोपनीयता सुनिश्चित करने वाला व्हाट्सएप चैटबॉट भी शुरू किया जाएगा।