मंडी: राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से भारतीय सेना के प्रति की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने मंडी में प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना देकर मंत्री का पुतला फूंका और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

जिला अध्यक्ष योगराज डोगरा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की।

पुतला दहन के दौरान पुलिस ने जलते पुतले को बुझाने का प्रयास किया, जिस पर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई और कुछ देर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद ने कहा कि सेना के सम्मान से जुड़ी किसी भी टिप्पणी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Tags: