मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में तीसरे मांडव्य उत्सव का शुभारंभ धार्मिक पूजा-अर्चना और भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। राजदेवता माधोराय और बाबा भूतनाथ मंदिर में पूजा के बाद उत्सव की शुरुआत की गई। इस दौरान नगर निगम की महापौर सुमन ठाकुर, उप महापौर जितेंद्र शर्मा, पार्षद और बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी मौजूद रहे।

माधोराय मंदिर से निकली शोभायात्रा सेरी बाजार, नए सुकेती पुल और पड्डल होते हुए ब्यास नदी के किनारे पावन मांडव्य शिला तक पहुंची। इसमें सांस्कृतिक दलों, स्कूली बच्चों और महिला मंडलों की महिलाओं ने भाग लिया। मांडव्य शिला के पास धर्मसंघ भूतनाथ मंदिर की ओर से हवन आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा भी शामिल हुए।

अनिल शर्मा ने कहा कि मांडव्य उत्सव की शुरुआत तीन वर्ष पहले हुई थी। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को मंडी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व से परिचित कराना है।

महापौर सुमन ठाकुर ने कहा कि यह उत्सव मंडी की देव संस्कृति, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं को सहेजने का माध्यम है। आयोजन के जरिए शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने और युवाओं को अपनी विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Tags: