शिमला: हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर शनिवार को हल्की बर्फबारी हुई, जिसके बाद राजधानी शिमला समेत कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है। शिमला में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा। जनजातीय इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने से प्राकृतिक जलस्रोतों का पानी जमने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.2 डिग्री और कुकुमसेरी में माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में तापमान 0.3 डिग्री रहा। वहीं मनाली में 3.9 डिग्री और कुफरी में 6.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटों में यहां पारे में डेढ़ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। पालमपुर में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री नीचे रहा।

मौसम विभाग ने 27 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान जताया है। अगले एक सप्ताह तक बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है।

Tags: