शुक्रवार दोपहर सोलन जिले के अर्की उपमंडल की बेरल ग्राम पंचायत के बोही गांव में, एक नाव पर सवार 35 ग्रामीण बाल-बाल बच गए। नदी के बीचों-बीच अचानक नाव की शाफ्ट (धुरी) टूट गई थी। ग्रामीण राशन खरीदकर नाव से अपने घर लौट रहे थे। शाफ्ट टूटने के बाद जैसे ही नाव रुकी, उसमें पानी भरने लगा, जिससे नाव पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मुश्किल स्थिति में फंसे ग्रामीणों ने खुद ही पानी निकालने की कोशिश की, लेकिन नाव में पानी भरता ही रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने NTPC के एक स्टीमर और एक दूसरी नाव को बुलाया, जिससे सभी 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बेरल ग्राम पंचायत के प्रधान जोगिंदर ने बताया कि नदी के बीच नाव रुकने से यात्री घबरा गए थे, लेकिन तुरंत ही दूसरी नाव और स्टीमर का इंतजाम करके उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया।
इस घटना के बाद, ग्रामीणों ने सड़क संपर्क न होने को लेकर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि बोही गांव में सड़क निर्माण का काम लंबे समय से अटका हुआ है, जिस कारण लोगों को या तो पैदल ही कठिन और खड़ी चढ़ाई वाले रास्तों से जाना पड़ता है, या फिर अपनी जान जोखिम में डालकर नाव से सफर करना पड़ता है। उन्होंने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क निर्माण पूरा करने की अपील की है।