मंडी: हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाने के अभियान के तहत युवाओं को खेलों से जोड़ने की तैयारी है। सुंदरनगर में 'खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान' के अंतर्गत आठ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और रस्साकशी शामिल हैं।

एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने बताया कि 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला और पुरुष खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिताएं 12 दिसंबर 2026 से शुरू होंगी।

इच्छुक खिलाड़ी 30 नवंबर 2026 तक https://khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। खिलाड़ी एक से अधिक खेलों में भी भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिताओं के लिए सुंदरनगर के चार शिक्षण संस्थानों के मैदान चुने गए हैं। एसडीएम ने महिला खिलाड़ियों की कम भागीदारी पर चिंता जताते हुए शिक्षण संस्थानों और पंचायत प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक महिलाओं का पंजीकरण कराने की अपील की।

खिलाड़ियों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि भी निर्धारित की गई है। कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट में उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 51 हजार रुपये मिलेंगे। जिला स्तर पर यह पुरस्कार 2 लाख और राज्य स्तर पर 31 लाख रुपये निर्धारित किया गया है।

प्रशासन का उद्देश्य खेल गतिविधियों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है।

Tags: