मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में राजस्व मामलों के निपटारे में तेजी आई है। 16 सितंबर से 15 नवंबर तक जिले के तहसील और उपतहसील कार्यालयों में कुल 4,659 इंतकाल दर्ज किए गए। इसके अलावा तकसीम के 377, निशानदेही के 457 और राजस्व दुरुस्ती के 376 मामलों का निपटारा किया गया।

उपायुक्त कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व अधिकारियों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पुराने तकसीम, निशानदेही और राजस्व दुरुस्ती के मामलों को प्राथमिकता देने को कहा।

बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने सभी तहसील और उपतहसील कार्यालयों को योजना से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर लंबित शिकायतों की स्थिति भी जांची गई। अधिकारियों को इनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रशासन का जोर राजस्व सेवाओं को समयबद्ध बनाकर आम लोगों की परेशानियां कम करने पर है।

Tags: