मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में राष्ट्रीय एकता सप्ताह के तहत भाषाई सद्भावना दिवस मनाया गया। डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री, थुनाग स्थित गुडहरी गोहर में आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और भाषाई सद्भावना एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।

कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम के माध्यम से भाषाई विविधता और आपसी सम्मान का संदेश दिया। इस दौरान वक्तव्य और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने दिवस के महत्व और इसकी पृष्ठभूमि पर विचार रखे।

कॉलेज के डीन डॉ. प्रेम लाल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की भावना मजबूत करते हैं। उन्होंने विभिन्न संस्कृतियों और भाषाओं के प्रति सम्मान विकसित करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने कहा कि भारत की भाषाई विविधता उसकी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सभी भाषाओं के प्रति सम्मान राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाता है।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय एकता सप्ताह 19 से 25 नवंबर तक मनाया जाता है। इसके तहत 22 नवंबर को कमजोर वर्ग कल्याण दिवस, 23 नवंबर को सांस्कृतिक एकता दिवस, 24 नवंबर को महिला दिवस और 25 नवंबर को संरक्षण दिवस एवं सांप्रदायिक सद्भावना ध्वज दिवस मनाया जाएगा।

Tags: