कांगड़ा में सुरक्षित बचपन अभियान, 78 स्कूलों के 156 शिक्षकों को दिया प्रशिक्षण
सुरक्षित बचपन की पहल, शिक्षकों ने सीखे बाल संरक्षण और ऑनलाइन सुरक्षा के गुर
धर्मशाला: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा द्वारा आयोजित शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को संपन्न हुआ। जिला न्यायालय परिसर के समीप स्थित एडीआर केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण में जिले के 78 विद्यालयों के 156 नामित शिक्षकों ने भाग लिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों, बाल संरक्षण और बाल यौन शोषण की रोकथाम से जुड़े कानूनी एवं व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना था।
विशेषज्ञों ने प्रशिक्षण के दौरान पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन शोषण, निःशुल्क विधिक सहायता, बच्चों की गोपनीयता और बाल मनोविज्ञान से संबंधित जानकारी दी।
आर. मिहुल शर्मा ने कहा कि शिक्षक बच्चों के नियमित संपर्क में रहते हैं। ऐसे में शोषण से जुड़े मामलों की पहचान करने, बच्चों को जागरूक बनाने और उन्हें समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।