इंदौरा में दिखेगा खेल और संस्कृति का संगम, आयोजन की तैयारियों पर मंथन
खेलो हिमाचल गेम्स से निखरेगी युवाओं की प्रतिभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में आगामी खेलो हिमाचल गेम्स और इंदौरा उत्सव के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतिभागियों की सुविधाओं और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि खेलो हिमाचल गेम्स युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देंगे, जबकि इंदौरा उत्सव स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और लोककला को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच मिलेगा। विधायक ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए दोनों आयोजनों को सफल और यादगार बनाने के निर्देश दिए।