शिमला: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में एक अनोखी शादी देखने को मिली। दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में बुधवार को 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। परिवार से दूर रह रहे दोनों ने एक-दूसरे का सहारा बनकर जिंदगी का बाकी सफर साथ बिताने का फैसला किया है।

मंडी जिले के जंजैहली निवासी कन्हैया लाल लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और करीब साढ़े तीन साल से वृद्धाश्रम में रह रहे थे। वहीं, सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। वृद्धाश्रम में मुलाकात के बाद दोनों के बीच विश्वास और अपनापन बढ़ा।

आश्रम में हल्दी, मंगलगीत और जयमाला सहित विवाह की पारंपरिक रस्में निभाई गईं। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा। वृद्धाश्रम के प्रबंधक प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि विवाह के बाद नवदंपती नालागढ़ स्थित मानव सेवा ट्रस्ट के नए वृद्धाश्रम में एक साथ रहेंगे। उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

Tags: