मंडी: जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी की ओर से थुनाग क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जरोल में भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित किया गया।

जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को दसवीं और बारहवीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन, बेहतर रणनीति और निरंतर मेहनत के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बागवानी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया।

वरिष्ठ बैंक प्रबंधक नवीन शर्मा ने शिक्षा ऋण और विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं के बारे में बताया। विद्यालय के प्रधानाचार्य यशपाल ने कार्यक्रम में शामिल सभी विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Tags: