मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में आधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा मरीजों के लिए राहत लेकर आई है। करीब 28.44 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई इस सुविधा के माध्यम से अब तक 232 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं।

इस सुविधा का लाभ मंडी, कुल्लू सहित आसपास के जिलों के मरीजों को मिल रहा है। मरीजों को बड़े निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च पर आधुनिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

मंडी जिले के थुनाग क्षेत्र निवासी महेंद्र नाथ ने बताया कि उनकी पत्नी चार महीनों से बीमार थीं। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की सलाह पर उनकी रोबोटिक सर्जरी की गई, जो सफल रही।

वहीं, कुल्लू जिले के भुंतर निवासी धर्मवीर ने बताया कि वह लंबे समय से बीमार थे। कुल्लू अस्पताल से उन्हें नेरचौक रेफर किया गया, जहां उनकी सफल रोबोटिक सर्जरी हुई। उन्होंने कहा कि पेंटर का काम करने के कारण निजी अस्पताल में महंगा उपचार कराना उनके लिए मुश्किल था।

बालीचौकी निवासी गीतानंद ने भी बताया कि उनकी पत्नी की रोबोटिक सर्जरी सफल रही और अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि घर के नजदीक आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिलने से इलाज के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों में जाने की जरूरत कम हुई है।

Tags: