चिट्टा तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, महिला के 2 वाहन जब्त
नशे के कारोबार पर आर्थिक चोट, 3.14 लाख के वाहन जब्त
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में चिट्टा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने कांगड़ा जिले के इंदौरा क्षेत्र की एक महिला के नाम पर दर्ज 3 लाख 14 हजार 620 रुपये मूल्य के दो वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए वाहन इंदौरा तहसील के छन्नी गांव निवासी रूबी के नाम पर पंजीकृत हैं। इनमें एक वाहन की कीमत 1,40,790 रुपये और दूसरे की कीमत 1,73,830 रुपये बताई गई है।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस थाना डमटाल को दोनों वाहनों का कब्जा प्राप्त करने और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नूरपुर पुलिस की कार्रवाई अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी और चिट्टा बरामदगी तक सीमित नहीं है। पुलिस अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त कराने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का उद्देश्य चिट्टा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के आर्थिक स्रोतों पर प्रहार करना है।
एसपी ने बताया कि वाहनों की जब्ती से भविष्य में उनका इस्तेमाल चिट्टा तस्करी के लिए नहीं किया जा सकेगा।