फेसबुक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार
नोटिस के बाद भी विवादित पोस्ट का आरोप, पुलिस ने की गिरफ्तारी
शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में फेसबुक पर भ्रष्टाचार से जुड़े कथित झूठे आरोप और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने 47 वर्षीय सुशील शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ठियोग उपमंडल का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि आस्था फाउंडेशन ठियोग ट्रस्ट के नाम से संचालित फेसबुक पेज पर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी कथित असत्य आरोप और आपत्तिजनक सामग्री प्रकाशित की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि आरोपी ने विवादित पोस्ट और वीडियो खुद अपलोड करने तथा बाद में उन्हें डिलीट करने की बात स्वीकार की थी।
पुलिस के मुताबिक, सुशील शर्मा को पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया गया था। इसमें उसे संबंधित गतिविधियां दोबारा नहीं करने और मामले के साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी गई थी।
इसके बावजूद आरोपी के खिलाफ इसी प्रकृति के अन्य मामले दर्ज हुए। 18 नवंबर को भी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि नोटिस की शर्तों के कथित उल्लंघन, डिजिटल साक्ष्य मिटाने और गतिविधियां दोहराने के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद सुशील शर्मा को न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।