नूरपुर पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 5 मामलों में चरस-चिट्टा बरामद
कार और पिकअप से मिली चरस की खेप, नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पिछले एक सप्ताह में बड़ी कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज कर 5.732 किलोग्राम चरस और 20.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को ज्वाली थाना क्षेत्र के कथोली गांव में मीनू खड्ड पुल के पास कार की तलाशी के दौरान 7.73 ग्राम चिट्टा मिला। मामले में सवान और अक्षित कौशल को गिरफ्तार किया गया।
डमटाल थाना क्षेत्र के छन्नी गांव में प्रीति देवी के घर छापेमारी के दौरान पुलिस ने तकिये में छिपाकर रखा 12.63 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
वहीं, 16 नवंबर को नूरपुर के बदूनी स्थित काली माता मंदिर के पास पिकअप वाहन से 800 ग्राम चरस बरामद हुई। मामले में केवल सिंह और महांशु निवासी भरमौर को गिरफ्तार किया गया।
17 नवंबर को ज्वाली के नरयाल गांव में प्रहलाद कुमार के निर्माणाधीन मकान से 840 ग्राम चरस बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया।
सबसे बड़ी बरामदगी 19 नवंबर को कोटला थाना क्षेत्र में हुई। नडोली गांव के पास स्टेट हाईवे-23 पर मारुति ब्रेजा की तलाशी में 4.072 किलोग्राम चरस मिली। मामले में वीरेंद्र कुमार उर्फ कालू और पारुल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस अब नशीले पदार्थों के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।