Kangra कांगड़ा: कांगड़ा जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स फील्ड यूनिट (एएनटीएफएफयू) को आज बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जसवाल के नेतृत्व में टीम ने 5 किलो 208 ग्राम चरस बरामद कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान तारा चंद (60) पुत्र बेली राम निवासी गांव त्यूण, डाकघर डोगरी, तहसील व जिला कुल्लू के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज एएनटीएफएफयू की टीम एएसपी राजेंद्र जसवाल के नेतृत्व में मूलथान क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम में एएसआई विकास अरोड़ा, एएसआई सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल रॉकी कुमार व कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल थे। गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि लुआई गांव में बने रेन शेल्टर में एक व्यक्ति एक बैग लेकर बैठा है, जिसमें भारी मात्रा में चरस है। उक्त व्यक्ति इसे बेचने की फिराक में था।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एडिशनल एसपी जसवाल तुरंत अपनी टीम के साथ उक्त स्थान पर पहुंचे और रेन बसेरे में बैठे व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जब उसके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से कुल 5 किलो 208 ग्राम चरस बरामद हुई। इस संबंध में बैजनाथ थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पता लगाया जा रहा है कि वह चरस की इतनी बड़ी खेप किसे बेचने जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।