Himachal Pradesh: हमीरपुर जिले के गौना गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही इलाके में कई लोग अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। उल्टी और दस्त के बढ़ते मामलों के बीच एक महिला की जान जाने से पूरे गांव में खौफ का माहौल है। प्रशासन अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटा है कि क्या यह सामान्य बीमारी है या किसी बड़े खतरे का संकेत?
नादौन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गौना गांव में स्वास्थ्य संकट गहराता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार, यहाँ एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। मरने से पहले वह पेट में संक्रमण (उल्टी-दस्त) की गंभीर समस्या से जूझ रही थी। हालांकि, स्थिति तब और चिंताजनक हो गई जब गांव के आठ अन्य ग्रामीण भी बिल्कुल वैसे ही लक्षणों के साथ बीमार पाए गए।मृतक महिला का पहले एक प्राइवेट क्लीनिक में इलाज चल रहा था, लेकिन हालत बिगड़ते देख उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि महिला पहले से भी किसी अन्य शारीरिक समस्या से पीड़ित थी।
फिलहाल चिकित्सा अधिकारियों का प्राथमिक अनुमान है कि महिला की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने से हुई होगी, लेकिन मौत से ठीक पहले उल्टी-दस्त की शिकायत होने के कारण विभाग किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरत रहा है।फिलहाल पूरे इलाके में सावधानी बरती जा रही है और विभाग रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह मामला दूषित पानी या भोजन से फैला संक्रमण है या कुछ और।