मंडी में पेंशनरों का जोरदार प्रदर्शन, सरकार को दी घेराव की चेतावनी
लंबित वित्तीय लाभों को लेकर पेंशनरों में आक्रोश, 19 नवंबर को बड़ा प्रदर्शन
मंडी: हिमाचल प्रदेश में लंबित वित्तीय लाभों और पेंशन संबंधी मांगों को लेकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विरोध तेज हो गया है। हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर 12 नवंबर से चल रहा धरना मंगलवार को मंडी जिला मुख्यालय में संपन्न हुआ। इस दौरान पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मांगें जल्द पूरी करने की अपील की।
मंडी के सेरी चानणी में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव सिंह सेन ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों की मांगों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से 2021 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन संबंधी वित्तीय लाभ और कम्यूटेशन की बकाया राशि अब तक नहीं दी गई है।
पेंशनरों ने लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान करने और स्थानीय निकायों तथा कॉरपोरेट सेक्टर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाने की मांग की।
शिव सिंह सेन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान सरकार का घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबित भुगतान नहीं होने से पेंशनरों में भारी नाराजगी है।