Himachal Pradesh: सड़क हादसे में बुझ गया घर का चिराग, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
Himachal Pradesh: हरिपुर थाना के अंतर्गत देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश चौधरी (24) पुत्र विचित्र सिंह निवासी डुग्गी, तहसील जवाली के रूप में हुई है। वह हरिपुर में अपने मामा के घर रह रहा था। सूत्रों के अनुसार युवक देहरा से हरिपुर आ रहा था, तभी रात करीब 11:45 बजे विद्युत कार्यालय हरिपुर के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि सड़क पर बैठे पशुओं से टकराने के कारण बाइक स्किड हुई।
घायल युवक को गंभीर हालत में डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और मत्स्य विभाग में कार्यरत था। वहीं, युवक की मौत से परिजनों में गहरा शोक है। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।