Himachal Pradesh: मंडी जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए जिले में तीन अलग-अलग जगहों पर नशे के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को पुलिस रिमांड के लिए कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार पहला मामला ओट थाना के अंतर्गत सामने आया है। नियमित बस चेकिंग के दौरान पुलिस ने उत्तराखंड निवासी मनोनीत नामक व्यक्ति को एक किलोग्राम चरस के साथ पकड़ा है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरा मामला सदर थाना के अंतर्गत सामने आया है। पुलिस ने बलोह गांव निवासी हेमंत कुमार को उसके घर से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। तीसरे मामले में सदर थाना की टीम ने मंडी शहर की एक दुकान से जतिन कुमार नामक व्यक्ति को 17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़ा है। तीनों मामलों की पुष्टि एसपी साक्षी वर्मा ने की है। उन्होंने दोहराया कि नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और समाज को नशा मुक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
Tags: