ऊना : नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जलप्रलय के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले का युवक सुखविंदर रत्न लापता हो गया है। सुखविंदर के लापता होने की खबर मिलने के बाद उसका भाई और चचेरा भाई उसे तलाशने के लिए काठमांडू पहुंच गए हैं।

ऊना जिले के मैहतपुर-बसदेहड़ा निवासी 32 वर्षीय सुखविंदर रत्न नेपाल के त्रिशूली हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट-1 में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। आपदा के बाद उनसे परिवार का संपर्क टूट गया। परिजनों ने कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
भाई और चचेरा भाई पहुंचे नेपाल
सुखविंदर के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद उनके भाई वीरेंद्र रत्न और चचेरे भाई शुभम उनकी तलाश के लिए नेपाल पहुंचे हैं। दोनों काठमांडू पहुंचकर स्थानीय प्रशासन, सेना और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सुखविंदर के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि सुखविंदर से आखिरी बार 25 अगस्त को बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका फोन बंद है और कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है।
त्रिशूली प्रोजेक्ट में कर रहे थे काम
जानकारी के मुताबिक, सुखविंदर पिछले कुछ समय से नेपाल में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। इससे पहले वह भूटान में भी काम कर चुके हैं। परिवार के अनुसार, वह छुट्टी के बाद 15 अगस्त को दोबारा नेपाल लौटे थे। आपदा के बाद प्रभावित क्षेत्रों में सेना और बचाव दलों ने मोर्चा संभाल रखा है। दुर्गम इलाकों और खराब संपर्क व्यवस्था के कारण लापता लोगों की तलाश में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
प्रशासन ने नेपाल सरकार से साधा संपर्क
ऊना प्रशासन ने सुखविंदर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद केंद्र सरकार और नेपाल प्रशासन से संपर्क किया है। अधिकारियों का कहना है कि युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल में आई इस त्रासदी के बाद कई भारतीय नागरिकों के लापता होने की खबरें सामने आ रही हैं। अलग-अलग राज्यों के परिवार अपने परिजनों की जानकारी के लिए प्रशासन और राहत एजेंसियों से संपर्क कर रहे हैं।

Tags: