Chamba: बारिश ने मचाई तबाही, भूस्खलन में एक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर रूप से घायल
Chamba चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना चंबा के जडेरा क्षेत्र की है, जहां मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 42 वर्षीय तिलकू पुत्र चंदू राम निवासी गांव कल्यू, डाकघर जडेरा के रूप में हुई है। भूस्खलन इतना भीषण था कि तिलकू मलबे में दब गया।
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल को उसका शव निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति राजेंद्र पुत्र प्यार चंद घायल हो गया है। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। एसडीएम प्रियांशु खाती ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भूस्खलन की सूचना मिलते ही तुरंत बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिए गए थे। उन्होंने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।