बाल दिवस पर मंदिर परिसर में सजी पिकनिक, बच्चों ने बनाए लजीज पकवान
मंडी के विद्यार्थियों ने बाल दिवस पर मनाया खास जश्न, दिखी रचनात्मकता
मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बाल दिवस के अवसर पर पी.एम. श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पांगणा के विद्यार्थियों ने अनोखे अंदाज में पिकनिक मनाई। कक्षा छठी से बारहवीं तक के छात्र-छात्राएं देव शिव-शंकर मंदिर कैमबली पहुंचे, जहां उन्होंने अध्यापकों और सहपाठियों के साथ यादगार पल बिताए।
पिकनिक के दौरान विद्यार्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर व्यंजन तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई। बच्चों ने उत्साह के साथ अपनी पाक कला दिखाई और परांठे, आलू की सब्जी, खीर, मिठाइयां, गोलगप्पे, पकौड़े और सिड्डू जैसे पकवान बनाए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार, उप प्रधानाचार्य मस्तराम और अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की।
इस आयोजन में बच्चों ने स्वादिष्ट पकवान बनाने के साथ टीमवर्क, आपसी सहयोग और जिम्मेदारी निभाने का भी अनुभव किया।