रेवाड़ी लेटेस्ट न्यूज़: दो लोकसभा चुनावों में पार्टी की टिकट से वंचित रहने के बाद चुनाव नहीं लड़ पाई पूर्व सांसद डा. सुधा यादव का रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में दर्द छलकता साफ नजर आया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इस दर्द को बयां करते हुए कहा कि जिस समय वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं थी, उस समय पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़वा दिया। जब चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार थीं, तो उन्हें वंचित रख दिया गया। वह न तो इन बातों को लेकर कभी उत्साहित हुई और न ही निराश। उनके लिए अब चुनाव लड़ने से ज्यादा जरूरी संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में काम करना है। केंद्रीय संगठन में दो बड़ी जिम्मेदारियां मिलने के बाद पहली बार अपने गांव जाते समय यहां भाजपा कार्यालय में डा. सुधा यादव ने खुलकर बातचीत की। उन्होेंने कहा कि पीएम मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित भाई देश की सेवा करने के लिए इस इलाके को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और इमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगी। उन्हें देश सेवा का दूसरी बार मौका दिया गया है। विपक्षी नेताओं पर ईडी और आईटी की छापेमारी के सवाल पर डा. यादव ने कहा कि ईडी की ओर से पुख्ता इन्पुट्स मिलने के बाद ही कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में जिस तरह से धन मिल रहा है, उससे यह नहीं कहा जा सकता कि कार्रवाई फेक है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास पर उन्होेंने कहा कि वह प्रदेश में दो दिन का समय लगा रहे हैं। भाजपा का प्रयास यह है कि पर्टी जिन इलाकों में कमजोर है, वहां मजबूती कैसे प्रदान की जाए।
खिसकते जनाधार को बचाने का प्रयास करे कांग्रेस: कांग्रेस की 'भारत जोड़ो' यात्रा का जिक्र करते हुए भाजपा नेत्री ने कहा कि जबरदस्त बिखराव के दौर से गुजर रही कांग्रेस किस मुंह से भारत जोड़ने की नौटंकी कर रही है। उन्होंने कहा कि गत वर्षों में देश कोरोनाकाल में जिस दौर से गुजरा, उससे निपटने में हमारे वैज्ञानिकों ने पूरा जोर लगाया। उन्होंने इस आपदा से देश को बाहर निकालने में पूरी ताकत लगा दी। कांग्रेस को उनका मनोबल बढ़ाने के लिए रैलियां करनी चाहिएं। भाजपा के पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास की ओर से स्वागत किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह खुद नहीं जानती कि किन-किन लोगों ने उनके स्वागत की तैयारियां की थीं। कापड़ीवास भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। अगर उन्होंने स्वागत किया, तो इसमें कोई बुराई नहीं है।