Haryana Weather: मानसून के आगमन से पहले हरियाणा में गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट और 13 और 14 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी ने 5 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में भीषण गर्मी और दिन-रात गर्म हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, हरियाणा के बाकी हिस्सों में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि अगले 4 दिन लू चलने की संभावना है। हरियाणा में पिछले तीन दिनों से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
सोमवार को प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे कम तापमान पंचकूला में रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, सिरसा में तापमान 46.4 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं, रोहतक में तापमान 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 13 जून तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 13 जून तक हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है।
10 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में ऑरेंज अलर्ट। बाकी हरियाणा में यलो अलर्ट।
11 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और रोहतक में ऑरेंज अलर्ट। बाकी हरियाणा में यलो अलर्ट।
12 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, सोनीपत, चरखीदादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात और महेंद्रगढ़ में यलो अलर्ट और बाकी हरियाणा में मौसम सामान्य रहेगा।
13 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, अंबाला, यमुनानगर और करनाल में यलो अलर्ट और बाकी हरियाणा में मौसम साफ रहेगा।