भारत

बीटेक छात्र चोरी मामले में गिरफ्तार, कॉलेज में ही वारदात को दिया था अंजाम

Nilmani Pal
10 Jun 2025 6:34 AM IST
बीटेक छात्र चोरी मामले में गिरफ्तार, कॉलेज में ही वारदात को दिया था अंजाम
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। झांसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां बुंदेलखंड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी (बीआईईटी) में पांच महीने पहले एकेडमिक ऑफिस के दरवाजे की कुंडी काटकर दो डेस्कटॉप, एक लैपटॉप व 12 टैबलेट की चोरी के मामले में पुलिस ने यहीं के बीटेक छात्र को गिरफ्तार किया है। इसका खुलासा तब हुआ जब छात्र टैबलेट और कंप्यूटर को बेचने की फिराक में एक दुकानदार के पास पहुंचा था। गिरफ्तार किए गए छात्र ने बताया कि उसकी स्कॉलरशिप नहीं आई थी। पिता एक डिलीवरी कंपनी में सेल्समैन हैं। कॉलेज की फीस जमा करने के लिए उसने चोरी की थी। उधर, पुलिस ने पूरा माल बरामद करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।

नवाबाद थाना क्षेत्र के बीआईईटी के कुलसचिव डॉ. विमल किशोर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कि 30 दिसंबर 2024 को एकेडमिक कार्यालय में चोरी हो गई है। चोरी हुए 12 टैबलेट शासन की योजना के तहत संस्थान के पात्र छात्रों को वितरित किए जाने थे। नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि यह तो तय था कि कोई बाहरी आकर यहां चोरी नहीं कर सकता। किसी अंदर के ही शख्स ने चोरी की है। इसी के चलते मुखबिरों को सक्रिय किया गया था। तभी एक छात्र ने दुकानदार से सरकारी योजना के टैबलेट समेत अन्य गैजेट्स बेचने की बात कही। जिसके बाद एकेडमिक के साथ पुलिस भी एक्टिव हो गई।

सूचना पर बीआईईटी कॉलेज गेट के पास से छात्र को पकड़ लिया। नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि पकड़े गए युवक ने अपना नाम लखनऊ के गोमतीनगर के रहने वाले प्रशांत कुमार पुत्र अरविंद कुमार बताया। प्रशांत ने बताया कि वह मूलरूप से गांव बदलापुर थाना तियारा जिला जौनपुर का रहने वाला है। यहां बीआईईटी कैंपस में स्थित पंचवटी हॉस्टल में रहकर बीआईईटी से मैकेनिकल ब्रांच से बीटेक द्वितीय की पढ़ाई कर रहा है।

Next Story
null