Haryana हरियाणा: अंबाला जिले के गांव दुराला में नाबालिग लड़की की मौत या हत्या का मामला अब लगातार गरमाता जा रहा है। दरअसल नाबालिग ने थाना साहा में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिस मामले में एसआईटी का गठन किया गया था और वह एसआईटी अपना काम कर रही थी। इसी बीच नाबालिग की मौत हो जाती है, जिसमें परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही उसके शव को दफना दिया। इस मामले में आज पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ कार्रवाई करते हुए शव को कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि एक लड़की की मौत हो गई थी, जिसका मामला थाना साहा में चल रहा था, जिसमें एसआईटी का भी गठन किया गया था।
आज परिजनों से पूछताछ की गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है, हालांकि परिजनों द्वारा दिखाई गई तस्वीर में लड़की के गले पर फांसी के निशान दिखाई दे रहे हैं, फिलहाल जांच जारी है। मौके पर मौजूद ड्यूटी मजिस्ट्रेट हरिओम ने बताया कि उन्हें डिप्टी कमिश्नर अंबाला के आदेश पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था, जिसके बाद आज उन्होंने लड़की के शव को कब्र से निकलवाया जिसे कल दफनाया गया था। इस मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम के बाद ही की जाएगी। गांव के सरपंच ने बताया कि नाबालिग की मौत के बाद सभी बुजुर्गों ने मिलकर फैसला किया कि उसे दफनाया जाएगा और जब तक वह पहुंचे तब तक वे दफनाने की तैयारी कर चुके थे और उन्हें मनाने की स्थिति नहीं थी।
Tags: