हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के आदमपुर गांव में बुधवार को एक मकान में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। पूर्वी पाना क्षेत्र में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान घर में रखे एक बड़े और एक छोटे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके से मकान की दीवारों में दरारें आ गईं और छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक उमेद सिंह अपनी पत्नी के साथ सुबह मजदूरी करने गए थे, जबकि बच्चे स्कूल में थे। उनके पिता और भाभी पास के दूसरे मकान में मौजूद थे। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा बेड, सोफा, फ्रिज, कूलर, एलईडी टीवी, अलमारी, पंखा और वाशिंग मशीन सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आने से दोनों गैस सिलेंडरों में भी विस्फोट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर से दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

इस हादसे में उमेद सिंह के परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मकान क्षतिग्रस्त होने और घरेलू सामान जलने से परिवार के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।

घटना के बाद गांव के समाजसेवी और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आए। ग्रामीणों ने आर्थिक सहायता प्रदान कर परिवार को राहत पहुंचाने का प्रयास किया।

Tags: