Haryana हरियाणा: पानीपत में बुधवार को तेज रफ्तार कार ने भाई-बहन की जान ले ली। बिहोली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक पर जा रहे भाई-बहन को टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों की पहचान किवाना निवासी शीला और संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार संदीप अपनी बहन शीला को बाइक पर गोयला स्थित उसके ससुराल से किवाना गांव स्थित अपने घर ले जा रहा था। जब वे बिहोली गांव के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भाई-बहन खेतों में जा गिरे। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि 35 वर्षीय मृतक संदीप की करीब डेढ़ साल पहले शादी हुई थी, उसके अभी कोई बच्चा नहीं था। उसकी बहन के बच्चे थे। परिजनों ने आरोपियों पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है। साथ ही सख्त कार्रवाई की मांग की है। जांच अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।