नारनौल: हरियाणा के नारनौल जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के गैरकानूनी परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अप्रैल से अब तक विभाग ने 414 वाहनों को जब्त किया है, जबकि 110 मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस दौरान कुल 2 करोड़ 84 लाख 32 हजार 822 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया है।

बुधवार को लघु सचिवालय में उपायुक्त अनुपमा अंजली की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में खनन विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए आंतरी-बिहारीपुर, नांगल कालिया, बायल और पांचनोता गांवों में अवैध रास्तों को जेसीबी से खाइयां खोदकर बंद कराया गया है।

विशेष अभियान के दौरान बायल और बखरीजा में एक-एक जेसीबी मशीन जब्त की गई। गढ़ी गांव में अवैध खनन करते दो पोकलेन मशीनें पकड़ी गईं। वहीं खराणी में ट्रैक्टर-लोडर और ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा नांगल कालिया के नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन के मामले में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई।

अधिकारियों ने बताया कि आंतरी, बिहारीपुर और जैनपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। अवैध खनन गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी व्यवस्था भी जारी है।

Tags: