Haryana Firing: अपराधियों ने घर में घुसकर परिवार पर की अंधाधुंध फायरिंग, महिला की मौत
Haryana Firing: करनाल जिले के मानपुरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर फायरिंग कर दी। इस हमले में सुमित्रा नाम की महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस की टीमें उनकी तलाश कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक देर रात काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार अज्ञात बदमाश आए और फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सुमित्रा देवी को मृत घोषित कर दिया।
जबकि परिवार के दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज चल रहा है। जांच में जुटी पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि मानपुर गांव में फायरिंग हुई है। सूचना मिलने के बाद हम मौके पर पहुंचे। फायरिंग में एक युवक सचिन और उसकी मौसी सुमित्रा और चाचा दलबीर सिंह को गोली लगी है। पुलिस ने तुरंत उन्हें इलाज के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। सुमित्रा नाम की घायल महिला की मौत हो गई है, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हमला रंजिश के चलते किया गया या कोई और वजह थी। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। पुलिस जल्द ही इस मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।