Haryana हरियाणा: करनाल के रामनगर और सदर बाजार थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित नहर से एक बुजुर्ग सरदार का शव बरामद हुआ है। ग्रामीणों ने नहर में एक शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 पर कॉल करने के बाद ईआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। शव की अभी पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक की उम्र करीब 60 साल रही होगी। शव को बाहर निकालने वाले गोताखोर नीरज ने बताया कि मृतक के दोनों हाथों में चूड़ियां थीं और उसके बाल खुले थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह सिख समुदाय से हो सकता है।
मृतक ने खाकी रंग का कुर्ता पहना हुआ था। पुलिस ने कपड़ों की तलाशी ली तो न तो कोई पहचान पत्र मिला और न ही कोई अन्य सुराग मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। ईआरवी टीम के पुलिसकर्मी संदीप ने बताया कि जिस स्थान पर शव मिला है वह रामनगर और सदर बाजार थाना क्षेत्र की सीमा पर है, इसलिए दोनों थानों को सूचित कर दिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है, जहां उसे पहचान के लिए 72 घंटे तक रखा जाएगा। फिलहाल पुलिस ने आसपास के इलाकों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच कर रही है।