बिजली व्यवस्था सुधारने पर जोर, कंडम तारें बदलने की तैयारी
कंडम तारों से मिलेगी निजात, अंडरग्राउंड केबलिंग पर फोकस : डॉ. मिड्ढा
जींद: हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों से जींद जिले को नौ नेशनल हाइवे से जोडऩे की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है। बेहतर सड़क नेटवर्क किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति का आधार होता है। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार से जींद की दूसरे शहरों और प्रमुख औद्योगिक केंद्रों तक पहुंच बेहतर होगी। इससे परिवहन सुविधाओं में सुधार, व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार और निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। जींद वासियों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करवाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा मंगलवार को अपने आवास पर आयोजित जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। जनता दरबार में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं की प्रकृति के अनुसार प्राथमिकता तय कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी स्पीकर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में जहां भी पुरानी एवं कंडम बिजली की तारें हैं, उनका सर्वे करवा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदलवाया जाए। बाजारों एवं प्रमुख क्षेत्रों में अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था मजबूत होने से न केवल लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगीए बल्कि शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा। बिजली की तारों के जाल को कम करने के लिए संबंधित विभाग दीर्घकालीन योजना तैयार करें। इस अवसर पर भाजपा नेता रूद्राक्ष मिड्ढा, राजन चिल्लाना, मीडिया कॉर्डिनेटर सन्नी मग्गु सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि हैबतपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज जींद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।