हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में गैस सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान वाहन से करीब 72 हजार रुपये नकद चोरी करने के मामले में अग्रोहा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान भूना निवासी अंकित और कुलेरी निवासी पुनीत एवं सन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की रकम में से 29 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, नगंथला निवासी ओमप्रकाश वर्ष 2018 से अग्रोहा स्थित इंडेन गैस एजेंसी में छोटा हाथी वाहन चालक के रूप में कार्यरत है। वह गांवों में गैस सिलेंडरों की डिलीवरी करता है।

21 नवंबर को ओमप्रकाश नगंथला और कुलेरी गांव में 75 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी करने गया था। इस दौरान उसने करीब 72 हजार रुपये एकत्र कर हरे रंग के बैग में रखे और बैग वाहन के केबिन में रख दिया।

शिकायत के मुताबिक, शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच कुलेरी गांव में एक ग्राहक को सिलेंडर देते समय दो युवक वाहन से नकदी भरा बैग चोरी कर फरार हो गए।

घटना की शिकायत मिलने पर अग्रोहा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अंकित, पुनीत और सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 29 हजार रुपये बरामद हुए हैं। बाकी रकम के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

Tags: