गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का मंत्र, मनोहर लाल ने दिए सुझाव
पंचायतों की आय बढ़ाने पर जोर, केंद्रीय मंत्री ने बताया नया तरीका
गुरुग्राम: केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने गांवों में सामूहिक श्रमदान की परंपरा को फिर से शुरू करने पर जोर दिया है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक गांव में महीने का एक दिन श्रमदान के लिए निर्धारित किया जाए, ताकि ग्रामीण मिलकर सार्वजनिक संपत्तियों की देखरेख और विकास कार्यों में योगदान दे सकें।
सोमवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि ग्राम सभाओं को श्रमदान के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। इसके तहत स्कूलों की मरम्मत, दीवारों की पुताई, गलियों की सफाई, तालाबों की देखरेख और पौधरोपण जैसे कार्य किए जा सकते हैं।
उन्होंने पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायत की जमीन को पारदर्शी तरीके से पट्टे पर देने, तालाबों में मछली पालन और किराये के भवन एवं बाजार विकसित करने से नियमित आय प्राप्त की जा सकती है।
मनोहर लाल ने सार्वजनिक संपत्तियों की देखरेख के लिए प्रत्येक गांव में केयरटेकर रखने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि करनाल लोकसभा क्षेत्र में 15 ग्राम केयरटेकर नियुक्त किए गए हैं और इसके लिए एक पोर्टल भी बनाया गया है।
सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इसमें पंचायतों और नगर निकायों की वित्तीय स्थिरता तथा बेहतर सेवा वितरण पर चर्चा की गई।