हैफेड के नए चेयरमैन बने वीरेंद्र शर्मा, पंचकूला में संभाला पदभार
मेक इन हरियाणा को वैश्विक पहचान दिलाने पर जोर: वीरेंद्र शर्मा
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार द्वारा नवनियुक्त हैफेड चेयरमैन एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा ने सोमवार को पंचकूला स्थित हैफेड मुख्यालय में पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई और विधायक रणधीर पणिहार मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हैफेड के उत्पादों की संख्या बढ़ाने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की होगी। उन्होंने कहा कि हैफेड के उत्पादों की व्यापक मांग और बाजार में विस्तार की संभावनाएं हैं।
उन्होंने बताया कि पहले हैफेड के मौजूदा उत्पादों और उनकी बाजार स्थिति की विस्तृत जानकारी ली जाएगी। इसके बाद उत्पादों के विस्तार की कार्ययोजना तैयार कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चर्चा की जाएगी।
वीरेंद्र शर्मा ने अपनी नियुक्ति के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। वहीं, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी नई जिम्मेदारी का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में डॉ. नरेश मग्गू, जयभगवान शर्मा, सूचना आयुक्त अमरजीत सिंह, अनिल पंवार, आनंद शर्मा, अमित भड़ाना और पूर्व चेयरमैन नरेश जांगड़ा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।