हिसार: हरियाणा के हिसार में नहरी पानी की बारी में कटौती, धान की सरकारी खरीद बंद होने और डीएपी खाद की कमी को लेकर किसानों ने सोमवार को सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय किसान सभा की तहसील इकाई ने समस्याओं का जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।

प्रदर्शन की अध्यक्षता तहसील प्रधान रमेश मिरकां ने की, जबकि संचालन तहसील सचिव अभयराम फौजी ने किया। किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष दिनेश सिवाच ने कहा कि नहरी पानी की बारी दो सप्ताह से घटाकर एक सप्ताह कर दी गई है। इससे रबी फसलों की सिंचाई और पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।

किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि धान की सरकारी खरीद बंद होने से किसानों को कम कीमत पर फसल बेचने की मजबूरी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रबी फसलों की बिजाई के लिए पर्याप्त डीएपी उपलब्ध नहीं होने से किसानों की परेशानियां बढ़ रही हैं।

प्रदर्शन के दौरान गांव काजला में पानी चोरी के मामले में पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए। किसानों ने आरोप लगाया कि पानी चोरी पकड़ने वालों के खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया।

इसके अलावा पाबड़ा और ओपी जिंदल माइनर में पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायत भी उठाई गई। किसान सभा ने नहरी पानी की नियमित आपूर्ति, धान खरीद और खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Tags: