इमामों के वेतन में 5 हजार की बढ़ोतरी, जाकिर हुसैन का अभिनंदन
इमामों के कल्याण और मस्जिदों के विकास पर जोर: जाकिर हुसैन
नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां स्थित मदरसा जामिया फातिमा अल जोहरा लिलबनात में सोमवार को हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। तंजीम आईमा-ए-औकाफ हरियाणा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों इमाम और उलेमाओं ने पगड़ी बांधकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मौलाना असरुद्दीन तेड़ ने की। उन्होंने वक्फ बोर्ड द्वारा इमामों के वेतन में एकमुश्त पांच हजार रुपये की बढ़ोतरी और सालाना पांच प्रतिशत इंक्रीमेंट देने के फैसले की सराहना की।
उन्होंने बताया कि दिवंगत कर्मचारियों के आश्रितों को एक्स ग्रेशिया के तहत नौकरी और मस्जिदों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता जैसे निर्णय भी लिए गए हैं।
जाकिर हुसैन ने सम्मान के लिए सभी उलेमाओं का आभार जताते हुए कहा कि इमामों के कल्याण, मस्जिदों की देखरेख और जरूरतमंदों की सहायता के लिए कार्य जारी रहेंगे।
उन्होंने मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज, पल्ला की स्थिति पर भी चर्चा की और कहा कि विद्यार्थियों की मांगों पर काम किया जा रहा है।
समारोह में मौलाना असगर हुसैन, हाफिज आरिफ, मौलाना राशिद, कारी जावेद और मौलाना हाशिम सहित बड़ी संख्या में इमाम एवं उलेमा मौजूद रहे।