गुरुग्राम: हरियाणा के भिवानी से भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अस्पताल पहुंचे और विधायक का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

विधायक के पुत्र अमन सर्राफ के अनुसार, उनके पिता को लगातार उल्टियां हो रही थीं। भिवानी में स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के कारण रविवार सुबह उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी आवश्यक चिकित्सकीय जांच की गई है।

अमन सर्राफ ने बताया कि अब विधायक की तबीयत में काफी सुधार है। स्वास्थ्य में सुधार जारी रहने पर बुधवार तक उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।

सोमवार को गुरुग्राम में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेदांता मेडिसिटी जाकर विधायक से मुलाकात की और उनके उपचार की जानकारी ली।

विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलने पर उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Tags: