रायपुर के ग्राम चण्डी में दो भाइयों के साथ बेरहमी से की मारपीट, FIR दर्ज

छग

Update: 2026-01-11 16:43 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे ग्राम चण्डी में अंडा भुर्जी खाने के दौरान गाली-गलौच रोकने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में ग्राम मोहंदी निवासी एक युवक और उसके बड़े भाई के साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहंदी निवासी युवक, जो ग्रेजुएशन पास है और कमल विहार स्थित वी.वाई. हॉस्पिटल रायपुर में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है, 10 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे अंडा भुर्जी खाने ग्राम चण्डी के पाटिल एग रोल सेंटर गया था। वहां पहले से मौजूद ग्राम चण्डी निवासी तुषार और उसके कुछ साथी आपस में गाली-गलौच कर रहे थे।

पीड़ित ने जब उन्हें गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने “तुम कौन होते हो हमें रोकने वाले” कहते हुए मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव मोहंदी लौट गया। घटना की जानकारी पीड़ित ने अपने बड़े पापा के बेटे भुनेश्वर साहू और गांव के अन्य लोगों को दी। इसके बाद सभी लोग तुषार और उसके साथियों से समझाइश देने के लिए दोबारा ग्राम चण्डी पहुंचे। बताया जा रहा है कि भुनेश्वर साहू तुषार को शांतिपूर्वक समझा रहे थे, लेकिन इसी दौरान तुषार और उसके साथियों ने दोबारा विवाद शुरू कर दिया।

आरोप है कि आरोपियों ने यह कहते हुए कि “तुम लोग हमें समझाने आए हो” भुनेश्वर साहू पर भी हमला कर दिया। हाथ-मुक्कों के साथ ईंट के टुकड़ों से भी मारपीट की गई, जिससे भुनेश्वर साहू के सिर और आंख के पास गंभीर चोटें आईं। वहीं पीड़ित युवक को बाएं पैर के घुटने और चेहरे में चोट लगी है। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव और आसपास के इलाकों में आए दिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags:    

Similar News