खाने की गुणवत्ता से खिलवाड़ पड़ा भारी, खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस-पंजीयन निलंबित
छग
Durg. दुर्ग। आम नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दुर्ग जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ‘संतुलित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत 16 से 30 नवंबर तक जिले के विभिन्न भोजनालयों, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैंटीन में लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान दूषित, बासी और कीड़े लगे खाद्य पदार्थ मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है। वहीं, साफ-सफाई में लापरवाही और लाइसेंस संबंधी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस एवं पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त दीपक अग्रवाल के निर्देशन तथा अभिहित अधिकारी जितेंद्र नेले के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिचा शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारदराम कोमरे की टीम जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है।
दूषित और बासी खाद्य सामग्री का कराया जा रहा नष्टीकरण
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण की स्थिति की जांच की जा रही है। जिन प्रतिष्ठानों में कृत्रिम रंग मिले हुए खाद्य पदार्थ पाए जा रहे हैं, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा कीड़े लगे और बासी भोज्य पदार्थ मिलने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य बाजार में आम लोगों को उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और किसी भी तरह की लापरवाही से जनस्वास्थ्य को होने वाले नुकसान को रोकना है। इसके लिए भोजनालयों, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैंटीन में नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है।
साफ-सफाई और लाइसेंस में गड़बड़ी पर कार्रवाई
जांच के दौरान केवल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता ही नहीं, बल्कि प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी देखी जा रही है। जिन संस्थानों में स्वच्छता का अभाव पाया जा रहा है, उनके संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह खाद्य लाइसेंस या पंजीयन से जुड़े दस्तावेजों में त्रुटियां मिलने पर भी विभाग सख्ती बरत रहा है। नियमों का पालन नहीं करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस और पंजीयन निलंबित किए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की अनदेखी करने वाले संचालकों को किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
30 नवंबर तक जारी रहेगा विशेष अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अनुसार, ‘संतुलित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया 30 नवंबर तक लगातार जारी रहेगी। विभाग की टीम जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करेगी। विभाग ने जिले के सभी खाद्य व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों में उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संचालकों से कहा गया है कि वे केवल ताजा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग करें तथा अपने खाद्य लाइसेंस और पंजीयन से संबंधित दस्तावेज हमेशा अद्यतन रखें।