CG: 25 किलो गांजे के साथ नाबालिग सहित पांच अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
छग
Raigarh. रायगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान 'ऑपरेशन आघात' के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने रेलवे स्टेशन के बाहर दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों और एक अपचारी बालक सहित कुल पांच लोगों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 25.175 किलोग्राम गांजा और मोबाइल फोन सहित कुल 5 लाख 82 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पकड़े गए सभी आरोपी महाराष्ट्र के पुणे जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर पुणे ले जा रहे थे और रास्ते के खर्च के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर गांजा बेचने की फिराक में थे।
रेलवे स्टेशन के बाहर ग्राहक तलाश रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के आसपास कुछ संदिग्ध व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान चार वयस्क आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के संबलपुर से गांजा खरीदकर ट्रेन के माध्यम से रायगढ़ पहुंचे थे। यहां से उन्हें महाराष्ट्र के पुणे जाना था। यात्रा के खर्च की व्यवस्था करने के लिए वे रेलवे स्टेशन के आसपास गांजा बेचने की तैयारी में थे।
पहली कार्रवाई में 20.434 किलो गांजा बरामद
कोतवाली पुलिस को पहली सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के सामने पार्किंग के पास शिव मंदिर के बगल में पीपल के पेड़ के नीचे चबूतरे पर तीन व्यक्ति बैग और ट्रॉली बैग लेकर बैठे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमोल बबन धोत्रे (29 वर्ष), निवासी वरवंड गोपीनाथ नगर, पुणे, सागर लक्ष्मण गायकवाड़ (18 वर्ष), निवासी सिंहमड रोड, किरकटवाड़ी, पुणे और शुभम नंदू गुंजाल (23 वर्ष), निवासी जुनादत्तावाड़ी रोड, पुणे बताया। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 20 पैकेट में रखा 20.434 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा आईफोन, रेडमी और ओप्पो कंपनी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 80 हजार रुपये है।
दूसरी कार्रवाई में नाबालिग सहित दो पकड़े गए
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास दो व्यक्ति बैग में गांजा लेकर वाहन का इंतजार कर रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद कोतवाली पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक आरोपी की पहचान इम्तियाज रफिक ईनामदार (21 वर्ष), निवासी चाकन मानिक चौक, पुणे के रूप में हुई। दूसरा 16 वर्ष दो माह का अपचारी बालक था। तलाशी के दौरान इम्तियाज के बैग से पांच पैकेट में रखा 4.741 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा लगभग 10 हजार रुपये कीमत का इनफिनिक्स मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ओडिशा से गांजा खरीदकर पुणे ले जा रहे थे। आरोपियों के पास गांजे की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज
कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध क्रमांक 582/2026 और 583/2026 दर्ज किया है। चार वयस्क आरोपियों और एक अपचारी बालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, प्रकरणों में न्यायिक रिमांड की कार्रवाई की गई है। दोनों कार्रवाइयों में कुल 25.175 किलोग्राम गांजा जब्त हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 92 हजार रुपये है। पुलिस ने कुल 90 हजार रुपये कीमत के मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस प्रकार जब्त संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख 82 हजार रुपये बताई गई है।
नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगा एक्शन
इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, विजय एक्का, दिलसिंह कंवर, जगदेव मरकाम, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरपीएफ रायगढ़ ने भी विशेष सहयोग किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, "नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। नशे के कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।"