Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन यानी चिट्टा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन, 13 हजार रुपये नगद, चार आईफोन/मोबाइल फोन और एक मोपेड वाहन बरामद किया गया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल की संयुक्त मॉनिटरिंग में की गई। 13 सितंबर 2026 को एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सांई नगर स्थित पॉम रेसिडेंसी के खंडहर में कुछ संदिग्ध लोग अवैध मादक पदार्थ हेरोइन अपने पास रखे हुए हैं और उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही टीम ने बनाई रणनीति
मुखबिर से मिली सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सूचना की तस्दीक करने तथा मादक पदार्थ के साथ संदिग्धों को पकड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम तैयार की गई। पुलिस टीम सूचना में बताए गए स्थान पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की। इस दौरान टीम ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हांकित किया। पुलिस ने उनसे पूछताछ के लिए संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही तीनों वहां से भागने की कोशिश करने लगे।
घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा
संदिग्धों के भागने का प्रयास करते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष दुबे, अदनान खान और अब्दुल रेहान बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने नियमानुसार उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ हेरोइन यानी चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन जब्त की। इसके साथ ही 13,000 रुपये नगद, चार आईफोन/मोबाइल फोन और मोपेड क्रमांक CG 04 MW 2906 भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ थाना सिविल लाइन में धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आयुष दुबे पिता संजय दुबे उम्र 28 वर्ष निवासी पंचशील नगर, अदनान खान पिता कमर खान उम्र 22 वर्ष निवासी बैजनाथ पारा और अब्दुल रेहान पिता अब्दुल हफीज उम्र 19 वर्ष निवासी धोबी गली बैजनाथ पारा के रूप में हुई है।
नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को हेरोइन कहां से मिली और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के जरिए मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले स्रोत और संभावित खरीदारों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने संकेत दिया है कि मामले में संलिप्त अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है, ताकि केवल मौके पर पकड़े गए आरोपियों तक कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि मादक पदार्थ के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।