Raipur. रायपुर। भारतीय संविधान के गौरव, मूल्यों और सुदृढ़ लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान में रविवार, 29 नवम्बर को राजधानी के मौदहापारा स्थित दुर्गा महाविद्यालय के सभागृह में 'संविधान गौरव दिवस' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दोपहर 2:30 बजे से शुरू होने वाले इस गरिमामय कार्यक्रम में रायपुर सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आयोजन में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस डॉ. गौतम भादुड़ी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एवं प्राचार्य सौ कुसुमताई दाबके विधि महाविद्यालय जाकिर अली उपस्थित रहेंगे।

जो भारतीय संविधान की विशेषता और वर्तमान परिप्रेक्ष्य में इसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, विधायक सुनील सोनी, विधायक पुरंदर मिश्रा तथा विधायक मोतीलाल साहू की विशेष उपस्थिति रहेगी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहर के प्रबुद्धजनों, अधिवक्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों से इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और इसके आदर्शों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपने संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों को करीब से समझने का अवसर मिलता है।
Tags: