Raipur. रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के कथित शराब घोटाले में करीब चार साल से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से गिरफ्तार कर भारत लाया गया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, सुब्बू शराब सिंडिकेट में समन्वय की मुख्य कड़ी और वित्तीय लेन-देन संभालने वाला प्रमुख व्यक्ति था। शराब की अवैध बिक्री से लेकर कमीशन की वसूली, हवाला के जरिए करोड़ों रुपये विदेश भेजने और सोने-चांदी की खरीद तक में उसकी कथित भूमिका सामने आई है। एजेंसी को अब उससे पूछताछ में घोटाले के वित्तीय नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।
रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर UAE में पकड़ा गया सुब्बू
EOW के अनुसार, शराब घोटाले में कार्रवाई शुरू होने के बाद विकास अग्रवाल अक्टूबर 2022 के आसपास अपने परिवार के साथ दुबई फरार हो गया था। एजेंसी ने 17 जनवरी 2024 को अपराध क्रमांक 04/2024 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस दौरान सुब्बू को पूछताछ के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुआ। नवंबर 2024 में उसके खिलाफ फरारी में पूरक चालान पेश किया गया। इसके बाद विशेष न्यायालय रायपुर ने 13 फरवरी 2025 को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। EOW के अनुरोध पर इंटरपोल ने अगस्त 2026 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। इसी नोटिस के आधार पर UAE की संबंधित एजेंसियों ने उसे हिरासत में लिया और छत्तीसगढ़ EOW की टीम को सौंप दिया। भारत लाए जाने के बाद 27 नवंबर 2026 की देर रात आरोपी को गैर-जमानती वारंट की तामील के लिए विशेष न्यायालय रायपुर में पेश किया गया। न्यायालय की अनुमति मिलने पर EOW ने उसे गिरफ्तार किया। अदालत ने पूछताछ के लिए 30 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड मंजूर की है।
पार्ट-बी शराब के उत्पादन से दुकानों तक सप्लाई का जिम्मा
EOW की जांच में सामने आया है कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच कथित तौर पर डिस्टिलरियों में बिना आबकारी शुल्क चुकाए अतिरिक्त शराब तैयार कराई जाती थी। इसे पार्ट-बी शराब कहा जाता था। आरोप है कि इस शराब की बोतलों पर डुप्लीकेट होलोग्राम लगाकर सरकारी शराब दुकानों के माध्यम से बिक्री की जाती थी। इसकी बिक्री सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं होती थी और नकदी अलग रखी जाती थी। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस पूरी व्यवस्था को संचालित करने में सुब्बू की अहम भूमिका थी। वह पार्ट-बी शराब के उत्पादन के लिए डिस्टिलरी संचालकों से संपर्क और समन्वय करता था। इसके अलावा डिस्टिलरियों में अपने लोगों की तैनाती, खाली बोतलों की व्यवस्था और अलग-अलग डिस्टिलरी के लिए सप्लायर तय करने का काम भी उसके जिम्मे था। नकली होलोग्राम दिल्ली से रायपुर मंगाने और फिर डिस्टिलरियों तक पहुंचाने में भी उसकी भूमिका बताई गई है। इसके लिए वह अमित सिंह के साथ समन्वय करता था। शराब की खेप डिस्टिलरी से निकलने के बाद सरकारी दुकानों तक पहुंचे, इसके लिए आबकारी अधिकारियों और ट्रांसपोर्टरों के संपर्क में रहने का आरोप भी जांच एजेंसी ने लगाया है।
अनवर ढेबर को भेजता था गाड़ियों और रकम का हिसाब
EOW के अनुसार, सुब्बू का काम केवल शराब की सप्लाई तक सीमित नहीं था। वह अलग-अलग डिस्टिलरियों से जिलों के लिए रवाना होने वाली गाड़ियों, शराब की बिक्री से प्राप्त रकम और बकाया राशि का पूरा हिसाब रखता था। जांच के दौरान सुब्बू और अनवर ढेबर के बीच हुई व्हाट्सऐप चैट भी सामने आई है। एजेंसी के मुताबिक, इन चैट में गाड़ियों की आवाजाही और रकम के लेन-देन से संबंधित हिसाब-किताब मिला है। आरोप है कि 15 जिलों की सरकारी शराब दुकानों से पार्ट-बी शराब की बिक्री की नकदी सुब्बू के सहयोगी रायपुर के गोलछा अपार्टमेंट लेकर आते थे। वहां रकम की गिनती के बाद उसे अनवर ढेबर द्वारा बताए गए लोगों तक पहुंचाया जाता था। पार्ट-बी शराब की बिक्री पर सुब्बू को प्रति पेटी 50 रुपये कमीशन मिलने की बात भी जांच में सामने आई है।
कमीशन वसूली से लेकर नई आबकारी नीति तक भूमिका
EOW की जांच के मुताबिक, शराब सिंडिकेट में कमीशन वसूली के कई तरीके अपनाए गए थे। नियमित शराब आपूर्ति पर डिस्टिलरों से पार्ट-ए कमीशन और आपूर्ति क्षेत्र या बाजार में हिस्सेदारी तय करने के बदले पार्ट-सी कमीशन वसूले जाने का आरोप है। इसके अतिरिक्त विदेशी शराब की आपूर्ति करने वाली कंपनियों से एफएल कमीशन और सरकारी शराब दुकानों के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों से मैनपावर एवं ओवरटाइम कमीशन वसूले जाने की बात भी सामने आई है। नई आबकारी नीति लागू होने के बाद विदेशी शराब आपूर्ति के लाइसेंस किन कंपनियों को दिए जाएं, कितना कमीशन तय हो और उसकी वसूली किस तरह हो, इन मामलों में भी सुब्बू की भूमिका होने का आरोप है। एजेंसी के अनुसार, वसूली और बकाया का पूरा हिसाब सिंडिकेट के सदस्यों को देना भी उसकी जिम्मेदारी थी।
हवाला के जरिए करोड़ों रुपये दुबई पहुंचाने का आरोप
मामले में सबसे महत्वपूर्ण खुलासों में हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल भी शामिल है। EOW के मुताबिक, सिंडिकेट के कहने पर सुब्बू ने अपने परिचित हवाला कारोबारियों सुमित मालू और रवि बजाज के माध्यम से घोटाले की रकम देश के अलग-अलग शहरों में भिजवाई। जांच में यह भी सामने आया है कि अनवर ढेबर के निर्देश पर भारत से हवाला के जरिए दुबई भेजे गए करोड़ों रुपये के भुगतान के लिए सुब्बू, फरारी में चालान किए गए आरोपी खंजन ठक्कर के संपर्क में था। खंजन ठक्कर को हवाला कारोबारी बताया गया है और वह वर्तमान में UAE की जेल में निरुद्ध है। EOW का दावा है कि दुबई में सुब्बू खुद हवाला की रकम प्राप्त करता था।
अनवर ढेबर के लिए खरीदा 200 किलो से अधिक सोना
जांच एजेंसी के मुताबिक, विकास अग्रवाल पहले से बुलियन कारोबार से जुड़ा हुआ था। इसी कारोबारी संपर्क का इस्तेमाल कथित तौर पर घोटाले की रकम को सोने और चांदी में निवेश करने के लिए किया गया। EOW की विवेचना में सामने आया है कि सुब्बू ने अपने परिचित सराफा कारोबारियों और ज्वेलरों के माध्यम से अनवर ढेबर के लिए सोना और चांदी खरीदवाए। एजेंसी को अब तक अनवर ढेबर के लिए 200 किलोग्राम से अधिक सोना खरीदे जाने की जानकारी मिली है। इस खरीद में इस्तेमाल रकम के स्रोत और संबंधित कारोबारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
97 आरोपी, 10 चालान पेश; अब पूछताछ से खुलेंगे नए राज
EOW के मुताबिक, इस पूरे प्रकरण में व्यक्तियों, फर्मों और कंपनियों सहित अब तक कुल 97 आरोपियों के खिलाफ 10 चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं। मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अब विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू से पूछताछ के जरिए कथित शराब सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क, कमीशन की वसूली, हवाला कारोबार, सोने-चांदी में निवेश और अन्य आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी। करीब चार साल तक विदेश में फरार रहने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को जांच एजेंसी महत्वपूर्ण घटनाक्रम मान रही है। हालांकि, एजेंसी द्वारा लगाए गए आरोपों और सामने आए तथ्यों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया में होगा। फिलहाल 30 नवंबर तक EOW की पुलिस रिमांड में होने वाली पूछताछ पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।
Tags: