Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 14 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक चलाए गए अभियान में पुलिस ने कुल 253 व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने अवैध शराब, चाकू और धारदार हथियार रखने वालों, नशे से जुड़े मामलों और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही लंबित मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 32 वारंट तामील किए गए।
हथियार रखने वालों पर आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
नॉर्थ जोन पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चाकू और अन्य धारदार हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 7 प्रकरण दर्ज कर 7 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि लगातार चेकिंग और निगरानी के दौरान हथियार रखने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
अवैध शराब बिक्री पर पुलिस का शिकंजा
पुलिस ने अवैध शराब रखने और बिक्री करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत 3 प्रकरणों में 3 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा धारा 34(1) के तहत 2 मामलों में 2 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। आबकारी एक्ट की अन्य धाराओं में भी कार्रवाई करते हुए धारा 36(सी) के तहत 32 प्रकरणों में 32 लोगों और धारा 36(च) के तहत 3 प्रकरणों में 3 लोगों पर कार्रवाई की गई।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से रोकी गई आपराधिक गतिविधियां
पुलिस ने संभावित विवाद और अपराधों को रोकने के लिए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की।
इस दौरान धारा 170 BNSS के तहत 54 प्रकरणों में 67 लोगों पर कार्रवाई
धारा 126/135(3) BNSS के तहत 85 प्रकरणों में 119 लोगों पर कार्रवाई
धारा 129 BNSS के तहत 13 प्रकरणों में 18 लोगों पर कार्रवाई की गई
पुलिस का कहना है कि ऐसी कार्रवाई से अपराध होने से पहले ही संभावित घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है।
NDPS और जुआ मामलों में भी कार्रवाई
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। NDPS एक्ट के तहत 1 प्रकरण में 4 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत 1 मामले में 1 व्यक्ति पर कार्रवाई हुई।
32 वारंटियों की हुई धरपकड़
लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने वारंट तामीली अभियान भी चलाया। इस दौरान कुल 32 वारंट तामील किए गए। इनमें 27 गिरफ्तारी वारंट 5 स्थायी वारंट शामिल हैं।
त्योहारी सीजन को देखते हुए बढ़ाई निगरानी
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में थाना खमतराई, गुढ़ियारी, उरला, पंडरी और खम्हारडीह क्षेत्र में लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, चेकिंग और कार्रवाई को और तेज किया गया है। नॉर्थ जोन पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर रोक और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags: