Bilaspur. बिलासपुर। शहर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल हेवेंस पार्क के बार में शनिवार रात दो युवतियों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों युवतियों के बीच बार के अंदर शुरू हुआ विवाद बाहर सड़क तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले में अब तक दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
बार के अंदर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब दो बजे होटल हेवेंस पार्क के बार में दो युवतियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि एक युवती शहर के बाहर से आकर एक स्पा सेंटर में काम करती है। वह रात में अपने एक पुरुष मित्र के साथ बार पहुंची थी। बार में शराब पीने के दौरान उसका दूसरी युवती से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
बाउंसरों ने कराया बीच-बचाव
बार में मौजूद स्टाफ और बाउंसरों ने दोनों युवतियों के बीच हो रही मारपीट को रोकने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को अलग किया गया और उन्हें बार से बाहर भेज दिया गया। लेकिन होटल से बाहर निकलने के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ और सड़क पर दोबारा मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
सड़क पर हुआ हंगामा
वायरल वीडियो में दोनों युवतियां आपस में मारपीट करती नजर आ रही हैं। वहीं आसपास मौजूद लोग और बार के बाउंसर उन्हें रोकने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति बनी रही।
देर रात तक खुल रहे बार पर सवाल
इस घटना के बाद शहर में देर रात तक संचालित हो रहे बार को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात तक बार खुले रहने से विवाद और मारपीट जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। लोगों ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर चर्चा
घटना के बाद अभी तक पुलिस या आबकारी विभाग की ओर से किसी कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags: